अभय तिवारी के घर पहुंची पुलिस, भाई अक्षय और पत्नी से पूछताछ शुरू; दोनों ने पास की थी JPSC-JSSC परीक्षाBy Admin Tue, 18 August 2026 12:49 PM

JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में जांच का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब पुलिस अभय तिवारी के परिवार तक पहुंच गई है। मंगलवार को गिरिडीह पुलिस की विशेष टीम अभय तिवारी के घर पहुंची और उनके भाई अक्षय तिवारी और पत्नी को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी इस कार्रवाई को लेकर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

अभय तिवारी के भाई और पत्नी से पूछताछ

अभय तिवारी JPSC-JSSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में जांच के केंद्र में हैं। वह परीक्षा एजेंसी TDPL के मार्केटिंग मैनेजर रह चुके हैं। CID की जांच में उनसे पूछताछ के बाद परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े कई अहम खुलासे सामने आने की बात कही जा रही है। अब इसी कड़ी में उनके भाई अक्षय तिवारी और पत्नी से भी पूछताछ की जा रही है।

बताया जा रहा है कि अक्षय तिवारी और अभय तिवारी की पत्नी दोनों ने JSSC-CGL परीक्षा पास कर नौकरी हासिल की थी। इसके साथ ही दोनों के JPSC परीक्षा में भी सफल होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में जांच एजेंसियों की ओर से दोनों से की जा रही पूछताछ को अहम माना जा रहा है।

जांच के घेरे में TDPL की परीक्षाएं

CID की जांच के दौरान अभय तिवारी ने कथित तौर पर JSSC की PGTTCE परीक्षा में गड़बड़ी की बात स्वीकार की है। 3120 पदों के लिए हुई कंप्यूटर आधारित PGT शिक्षक भर्ती परीक्षा में भी अनियमितता के संकेत मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया गया है।

सोमवार को CID ने JSSC कार्यालय में छापेमारी भी की थी। इसी बीच हेमंत सोरेन कैबिनेट ने JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा आयोजित अन्य परीक्षाओं को रद्द करने का फैसला लिया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा था कि SIT और CID की अब तक की जांच में गड़बड़ी के संकेत मिले हैं।

अब पुलिस की पूछताछ अभय तिवारी के भाई और पत्नी तक पहुंच चुकी है। ऐसे में दोनों की परीक्षा में सफलता और अभय तिवारी से उनके संबंधों को लेकर जांच में क्या सामने आता है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।