
गुमला, 18 अगस्त 2026: गुमला पुलिस ने डुमरी थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित संगठन JJMP के 5 लाख रुपये के इनामी सब-जोनल सदस्य रामदेव लोहरा समेत चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी संगठन को दोबारा सक्रिय करने, नए सदस्यों को जोड़ने और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे।
पुलिस अधीक्षक, गुमला को 17 अगस्त को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चैनपुर श्रुति (IPS) के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान डुमरी थाना क्षेत्र के औरापाट जंगल में घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामदेव लोहरा (सब-जोनल सदस्य), अरविन्द नायक (एरिया कमांडर), मुनेष्वर सिंह और जितेंद्र लोहरा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, रामदेव लोहरा का पूर्व में पीपुल्स वार संगठन और भाकपा (माओवादी) से भी आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से AK-56 राइफल, SLR राइफल, सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, 7.65 एमएम पिस्टल और देसी कट्टा समेत कुल 146 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
इसके अलावा पुलिस ने 9 मोबाइल फोन, 2 Wi-Fi डोंगल, एक वॉकी-टॉकी, प्रतिबंधित JJMP/नक्सली पर्चे और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पूछताछ के आधार पर JJMP के अन्य सदस्यों, सहयोगियों और संगठन के पुनर्गठन से जुड़ी गतिविधियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी चैनपुर श्रुति (IPS), डुमरी थाना प्रभारी शशि प्रकाश समेत विभिन्न थानों के थाना प्रभारी, पुलिस पदाधिकारी, कर्मी और नक्सल क्यूआरटी टीम गुमला शामिल रही।
गुमला पुलिस ने कहा है कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने और प्रतिबंधित संगठनों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।