
एक तस्वीर में हाथ की कमी और दूसरी में उसी हाथ के साथ नया सहारा। अनगड़ा प्रखंड की रहने वाली अनिशा टोप्पो की ये तस्वीरें 17 अगस्त को हुए कार्यक्रम की हैं। अनिशा जन्म से ही हाथ की कमी के साथ दिव्यांग हैं। कार्यक्रम के दौरान भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के विशेषज्ञों ने उन्हें आर्टिफिशियल हाथ लगाया। हाथ लगाने से पहले और बाद की तस्वीरों में बदलाव साफ नजर आता है।
इस कार्यक्रम में इनर व्हील क्लब ऑफ रांची साउथ के आठ सदस्य शामिल हुए। इनमें क्लब की अध्यक्ष रंजना शुक्ला, सचिव लाजवंती कुमार, पूर्व अध्यक्ष संगीता शरण और पूर्व अध्यक्ष कांति पांडे, सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। सभी सदस्य समय पर पहुंचे और इनर व्हील क्लब ऑफ रांची साउथ का प्रतिनिधित्व किया।
कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों को संस्था की कार्यशाला में ले जाया गया। यहां उन्होंने देखा कि दिव्यांग लोगों के लिए आर्टिफिशियल हाथ-पैर कैसे तैयार किए जाते हैं और उन्हें किस तरह फिट किया जाता है। विशेषज्ञों ने सदस्यों को इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।
भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति में दिव्यांग लोगों के लिए आर्टिफिशियल हाथ-पैर तैयार किए जाते हैं और जरूरतमंद लोगों को ये मुफ्त दिए जाते हैं। कार्यक्रम में शहर के दिव्यांग लोगों और अलग-अलग संस्थाओं से जुड़े लोग भी शामिल हुए। वहीं, क्लब के सदस्यों ने वहां मौजूद दूसरे दिव्यांग बच्चों के साथ भी समय बिताया।
इनर व्हील क्लब ऑफ रांची साउथ की ओर से जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर दिव्यांग लोगों की मदद के लिए आगे भी सहयोग करने की बात कही गई। क्लब की ओर से कहा गया कि इस तरह की सहायता की जरूरत वाले लोग क्लब से संपर्क कर सकते हैं।