कोकर में तेज धमाके से मची अफरा-तफरी, पेट्रोल पंप और घरों के शीशे टूटेBy Admin Wed, 19 August 2026 10:58 AM

रांची: कोकर चौक के पास मंगलवार शाम एक वायर गोदाम के समीप अचानक तेज धमाका होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के पेट्रोल पंप, दुकानों और कई घरों के शीशे टूट गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।

सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि इलाके में अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। जांच के दौरान पास स्थित एक पेट्रोल पंप के शीशे टूटे मिले। आसपास की कई दुकानों और घरों पर भी धमाके का असर पाया गया है।

हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि धमाका किस कारण हुआ और वायर गोदाम के पास ऐसी कौन-सी सामग्री मौजूद थी, जिससे विस्फोट हुआ। घटना की गंभीरता को देखते हुए झारखंड जगुआर के बम निरोधक दस्ते को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम मौके पर मौजूद सामग्री की जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही धमाके के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।