
RANCHI : बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और उत्तरी ओडिशा तट के पास बने निम्न दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से झारखंड, बिहार और पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों में मौसम सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिम बंगाल और झारखंड के आसपास परिसंचरण सक्रिय है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के आसपास ऊपरी हवा का साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी चल सकती है। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
झारखंड में 19 और 20 अगस्त को मौसम सक्रिय
झारखंड में 19 और 20 अगस्त को मौसम के सक्रिय रहने का अनुमान है। रांची समेत बोकारो, देवघर, दुमका, धनबाद, जमशेदपुर, सिमडेगा, हजारीबाग, रामगढ़, खूंटी, चतरा और पलामू में भारी बारिश और आंधी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के दौरान वज्रपात का खतरा भी बना रहेगा। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में भी बारिश-आंधी का असर
IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहार, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, उत्तराखंड, सिक्किम, मेघालय, त्रिपुरा, केरल, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी तेज बारिश और आंधी की संभावना है।
भारी बारिश के कारण कई स्थानों पर सड़क, रेल और स्थानीय यातायात प्रभावित हो सकता है।