
पाकुड़: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बुधवार को पाकुड़ जिले के पाकुड़ और लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्रों के सीमावर्ती इलाकों में स्थित विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को लेकर चल रहे कार्यों की जानकारी ली और ग्रामीणों से संवाद कर मतदाता सूची में दर्ज विवरणों तथा बीएलओ द्वारा किए जा रहे घर-घर सत्यापन की स्थिति जानी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने अधिकारियों और बीएलओ को निर्देश दिया कि घर-घर सत्यापन का कार्य पूरी गंभीरता और सावधानी के साथ किया जाए। उन्होंने कहा कि यथासंभव एक परिवार के सभी मतदाताओं का नाम एक ही मतदान केंद्र पर सूचीबद्ध हो, साथ ही कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
के. रवि कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिए तैयार की जाने वाली मतदाता सूची को स्थायी दस्तावेज के रूप में संरक्षित किया जाएगा। ऐसे में प्रत्येक मतदाता अपने और परिवार के सदस्यों के नाम, पते तथा अन्य विवरणों की जांच कर लें और आवश्यकता होने पर निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से सुधार या नाम जोड़ने की प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत केवल भारतीय नागरिक ही मतदाता के रूप में पंजीकरण के पात्र हैं। यदि किसी विदेशी नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की जानकारी मिलती है या किसी विदेशी नागरिक द्वारा मतदाता सूची में शामिल होने का प्रयास किया जाता है, तो फॉर्म-7 के माध्यम से आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। प्राप्त आपत्तियों की निर्धारित प्रक्रिया के तहत जांच कर संबंधित ईआरओ/एईआरओ नियमानुसार कार्रवाई करेंगे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि किसी विदेशी नागरिक को मतदाता सूची में पंजीकरण कराने में सहयोग नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों, बीएलए-2, बीएलओ और आम लोगों से विशेष गहन पुनरीक्षण में सक्रिय सहयोग की अपील की।
उन्होंने कहा कि एसआईआर का उद्देश्य शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। इसमें एक भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी मेघा भारद्वाज सहित लिट्टीपाड़ा और पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र के ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।