
चतरा: मयूरहंड थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर MH02GC 4226) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 18 अगस्त को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध युवक चोरी की मोटरसाइकिल से इटखोरी-हजारीबाग रोड होते हुए इटखोरी मोड़ की ओर जा रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद थाना प्रभारी राहुल दूबे के नेतृत्व में छापेमारी दल गठित किया गया। पुलिस टीम इटखोरी मोड़ पहुंची, जहां दोनों संदिग्ध मोटरसाइकिल से हजारीबाग की ओर भागते मिले। पीछा कर पुलिस ने दोनों को मोटरसाइकिल समेत पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में एक अन्य युवक के शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने इटखोरी थाना क्षेत्र के सहरजाम गांव में छापेमारी कर सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रशांत कुमार यादव उर्फ माइकल (21), सूरज कुमार (21), दोनों निवासी सहरजाम, थाना इटखोरी, तथा साजन कुमार उर्फ सर्जन कुमार (20), निवासी बघमुंडी, थाना इटखोरी के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक प्रशांत कुमार और सूरज कुमार के खिलाफ हजारीबाग सदर थाना, इटखोरी थाना और मयूरहंड थाना में पहले से मामले दर्ज हैं। वहीं साजन कुमार के खिलाफ मयूरहंड थाना में मामला दर्ज है।
छापेमारी दल में थाना प्रभारी राहुल दूबे, सहायक अवर निरीक्षक पुनीत कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।