
Ranchi: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। झारखंड विधानसभा में कार्यरत कर्मचारी बुलंद अख्तर के धुर्वा डैम में छलांग लगाने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और डैम के आसपास जांच शुरू कर दी। पुलिस को डैम के किनारे एक वाहन, चप्पल और बरसाती मिली है। इन सामानों के मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि बुलंद अख्तर ने डैम में छलांग लगाई है। हालांकि, अभी तक उनके डैम में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घर से निकले थे, फिर वापस नहीं लौटे
परिजनों के अनुसार, बुलंद अख्तर बुधवार को घर से निकले थे। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटे, तो परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान धुर्वा डैम के पास उनका वाहन और अन्य सामान मिलने की जानकारी सामने आई।इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाके में छानबीन की और डैम में तलाश की संभावनाओं को देखते हुए आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि बुलंद अख्तर ने डैम में छलांग लगाई या घटना के पीछे कोई दूसरी वजह है। उनके इस कदम के पीछे की वजह भी अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
गहरे पानी के कारण एनडीआरएफ की मदद
धुर्वा डैम में पानी की गहराई अधिक होने के कारण पुलिस ने तलाश अभियान के लिए एनडीआरएफ की टीम से संपर्क किया है। टीम के पहुंचने के बाद पानी में रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा और बुलंद अख्तर की तलाश की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तलाश अभियान और जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस डैम के आसपास मिले सामान और पूरे घटनाक्रम को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी है।