एचईसी के पुनरुद्धार के लिए भाजपा नेता विनय जायसवाल ने संसदीय समिति के अध्यक्ष एवं सीएमडी से की मुलाकातBy Mid Time Bureau Fri, 21 August 2026 06:59 PM

RANCHI : एचईसी के पुनरुद्धार को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता विनय जायसवाल ने संसदीय समिति के अध्यक्ष तिरुचि शिवाजी एवं समिति के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। तीन दिवसीय दौरे पर रांची पहुंची संसदीय समिति के समक्ष जायसवाल ने एचईसी की मौजूदा स्थिति, कर्मचारियों की समस्याओं और संस्थान के पुनरुद्धार के लिए पूर्व में किए गए प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी। मुलाकात के दौरान विनय जायसवाल ने कहा कि एचईसी देश का महत्वपूर्ण औद्योगिक संस्थान है और इसके पुनरुद्धार के लिए लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत है। उन्होंने समिति के अध्यक्ष एवं सीएमडी के एस मूर्ति को एचईसी की जमीनी समस्याओं से अवगत कराते हुए कर्मचारियों की लंबित वेतन, उत्पादन और संस्थान की आर्थिक स्थिति के साथ साथ क्वार्टर का लीज का नवीनीकरण जल्द से जल्द कराने की बात की एवं विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।

इस पर संसदीय समिति के अध्यक्ष तिरुचि शिवाजी ने कहा कि पूर्व में किए गए प्रयासों का ही परिणाम है कि आज संसदीय समिति एचईसी का दौरा कर रही है। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों ने एचईसी पहुंचकर यहां की समस्याओं को नजदीक से देखा और समझा है। उन्होंने भरोसा जताया कि एचईसी केवल चलेगी ही नहीं, बल्कि जल्द ही अपने पुराने गौरव और पटरी पर फिर से दौड़ेगी। अध्यक्ष ने कहा कि एचईसी की समस्या छोटी नहीं, बल्कि गंभीर और व्यापक है। इसके समाधान के लिए सभी को समन्वित प्रयास से ही एचईसी को संकट से बाहर निकालकर फिर से मजबूत औद्योगिक संस्थान के रूप में स्थापित किया जा सकता है।

विनय जायसवाल ने कहा कि एचईसी के पुनरुद्धार को लेकर संसदीय समिति का दौरा कर्मचारियों और झारखंड के लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति एचईसी की वास्तविक स्थिति को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से रखेगी और संस्थान के पुनरुद्धार के लिए ठोस पहल का रास्ता तैयार होगा।

ADVERTISEMENT
Advertisement