जिला परिषद की सामान्य बैठक में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, पेयजल, विद्युत सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की हुई समीक्षाBy Mid Time Bureau Fri, 21 August 2026 07:30 PM

गुमला: जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा की अध्यक्षता में जिला परिषद कार्यालय सभागार, विकास भवन में जिला परिषद की सामान्य बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला परिषद उपाध्यक्ष संयुक्ता देवी, जिला परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी, जिला अभियंता, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, जिला परिषद सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में विगत बैठक की कार्यवाही के अनुपालन की समीक्षा एवं संपुष्टि की गई। इसके उपरांत निर्धारित एजेंडावार विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि, पेयजल एवं स्वच्छता, भूमि संरक्षण, विद्युत आपूर्ति, लघु सिंचाई, 15वें वित्त आयोग तथा जिला परिषद से संबंधित योजनाओं एवं कार्यों पर विस्तृत चर्चा की गई।स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के क्रम में जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति, स्वास्थ्य केंद्रों के संचालन, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति, एएनएम के पदस्थापन, रक्त की उपलब्धता तथा अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा हुई।बैठक में स्वास्थ्य केंद्रों को सुचारू रूप से संचालित रखने, आवश्यक मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मामलों पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।पशुपालन विभाग की समीक्षा के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 में स्वीकृत पशुधन विकास योजना के तहत पशुधन वितरण की प्रगति की जानकारी ली गई। योजनाओं में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने तथा ग्रामीणों के बीच योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने का निर्देश दिया गया।कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान खरीफ फसल की तैयारी, बीज की उपलब्धता एवं वितरण, किसान समृद्धि योजना सहित अन्य कृषि योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई। महिला बकरी पालकों को योजनाओं का लाभ दिलाने तथा संबंधित योजनाओं की जानकारी प्रखंड स्तर तक पहुंचाने के लिए कैंप आयोजित करने एवं व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल की समीक्षा के दौरान विभिन्न पेयजल योजनाओं की स्थिति, बंद योजनाओं के पुनरीक्षित प्राक्कलन, पेयजलापूर्ति से संबंधित शिकायतों तथा उनके निष्पादन की जानकारी ली गई।वहीं विद्युत आपूर्ति की समीक्षा के दौरान स्मार्ट मीटर, विद्युत बिल से संबंधित शिकायतों, ट्रांसफार्मर की स्थिति एवं विद्युत आपूर्ति से जुड़ी ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
15वें वित्त आयोग सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा के दौरान योजनाओं की प्रगति, योजना स्थल परिवर्तन तथा प्रस्तावित योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श किया गया
जिला परिषद के अंतर्गत आने वाले विभिन्न बाजार-हाट एवं सैरातों की बंदोबस्ती की प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने तथा राजस्व की समयबद्ध वसूली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा ने कहा कि जिला परिषद की बैठकों का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।
उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन ने भी सभी संबंधित विभागों को बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन निर्धारित समय-सीमा में सुनिश्चित करने तथा अनुपालन प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।