अंजलि के कदम थमे तो इनर व्हील क्लब ऑफ़ रांची साउथ ने बढ़ाया मदद का हाथBy Mid Time Bureau Sat, 22 August 2026 05:51 PM

Ranchi: रांची के मेन रोड स्थित एवीएन ग्रैंड होटल में 20 अगस्त को इनर व्हील क्लब ऑफ रांची साउथ का डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन विजिट सिर्फ एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा। यहां सेवा का हाथ बढ़ा, एक जरूरतमंद बेटी को सहारा मिला और क्लब के परिवार में एक नया नाम भी जुड़ गया।

कार्यक्रम का सबसे खास पल 17 वर्षीय अंजलि पन्ना के लिए रहा। हटिया की रहने वाली अंजलि पेड़ से गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इलाज के दौरान उसके दोनों पैर पैरालाइज्ड हो गए। इसके बाद उसके लिए सामान्य रूप से चलना-फिरना मुश्किल हो गया था। इसी बीच इनर व्हील क्लब ऑफ रांची साउथ ने अंजलि को व्हीलचेयर प्रदान की। यह मदद उसके लिए सिर्फ एक व्हीलचेयर नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी में आगे बढ़ने का एक जरूरी सहारा बनी।

ADVERTISEMENT
Advertisement

कार्यक्रम में इनर व्हील रांची साउथ की अध्यक्ष रंजना शुक्ला, उपाध्यक्ष अन्नू मलिक, आईएसओ श्वेता जायसवाल और एडिटर नीलू ओझा मौजूद रहीं। वहीं पूर्व अध्यक्ष एंजेला सर्राफ, क्लब फाउंडर संगीता शरण, पूर्व अध्यक्ष रमा, पूर्व अध्यक्ष कांति पांडे और पूर्व अध्यक्ष सुमन सिंह समेत करीब 20 सदस्याओं ने कार्यक्रम में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई।

सेवा के साथ संगठन के विस्तार का रंग भी इस समारोह में नजर आया। जसविंदर कौर को क्लब की नई सदस्य के तौर पर शामिल किया गया। डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रियाका कुमार ने उन्हें औपचारिक रूप से इंडक्ट कर इनर व्हील रांची साउथ परिवार का हिस्सा बनाया।

अपने दौरे के दौरान डिस्ट्रिक्ट चेयरमेन प्रियाका कुमार ने क्लब की सामाजिक और सेवा गतिविधियों की जमकर सराहना की। उन्होंने जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने और समाज के लिए लगातार काम करने की क्लब की पहल को प्रोत्साहित किया।

खुशनुमा और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन के साथ हुआ। एक तरफ अंजलि को मिला सहारा, दूसरी तरफ क्लब को मिली नई सदस्य और इन दोनों के बीच सेवा की भावना ने इस कार्यक्रम को यादगार बना दिया।