

रांची: जेपीएससी-जेएसएससी विवाद को लेकर पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने आंदोलन कर रहे लोगों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जो वास्तविक छात्र हैं और पढ़ाई कर रहे हैं, उनकी मांगों पर न्याय हो चुका है और अब मामला न्यायालय में है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के फैसले का इंतजार किया जाना चाहिए और सभी को न्यायपालिका पर भरोसा रखना चाहिए।
मिथिलेश ठाकुर ने आरोप लगाया कि भाजपा की ओर से छात्रों को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंदोलन के नाम पर कुछ लोग छात्रों को गुमराह कर रहे हैं और न्यायालय की प्रक्रिया पर सवाल खड़े कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो वास्तव में छात्र हैं, वे पढ़ाई कर रहे हैं और संतुष्ट हैं, जबकि सड़क पर आंदोलन कर रहे कुछ लोग भाजपा से जुड़े हुए हैं।
पूर्व मंत्री ने आंदोलन में शामिल कुछ युवतियों द्वारा कथित तौर पर अभद्र भाषा के इस्तेमाल पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के लोग इस पूरे मामले को राजनीतिक रंग देने का प्रयास कर रहे हैं।
मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि कुछ लोग छात्र हित के नाम पर राजनीति कर रहे हैं और आगे चलकर विधायक या सांसद बनने तथा अपने निजी हित साधने के लिए आंदोलन का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक स्वार्थ से दूर रखा जाना चाहिए और न्यायालय के निर्णय का सम्मान करना चाहिए।
