बरवाअड्डा थाना विवाद में विधायक जयराम महतो समेत दोनों पक्षों की ओर से प्राथमिकी, एक-दूसरे पर गंभीर आरोपBy Mid Time Bureau Sun, 23 August 2026 03:32 PM

धनबाद :बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के फर्जी पैड, मुहर और हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर जाति, आवासीय प्रमाणपत्र और वंशावली तैयार करने के मामले में जेएलकेएम नेता गणेश दास को हिरासत में लिए जाने के बाद विवाद और गहरा गया है। बरवाअड्डा थाना परिसर में शुक्रवार रात दोनों पक्षों के आमने-सामने आने के बाद अब मुखिया पक्ष और डुमरी विधायक जयराम महतो की ओर से अलग-अलग आवेदन देकर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

मुखिया के बेटे प्रदीप कुमार रजक के आवेदन पर शनिवार को प्राथमिकी दर्ज की गई। प्रदीप ने आरोप लगाया कि 21 अगस्त की रात करीब 10 बजे वह अपने पिता आशुतोष रजक से मिलने थाना पहुंचे थे। आरोप है कि थाना परिसर में मौजूद डुमरी विधायक जयराम महतो ने उनके साथ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाने का प्रयास किया।

विधायक ने भी दर्ज कराया मामला

इधर, डुमरी विधायक जयराम महतो ने भी शनिवार देर रात बरवाअड्डा थाना में आवेदन देकर कई लोगों पर मारपीट, जानलेवा हमला और छिनतई का आरोप लगाया है। विधायक के मुताबिक, वह पंचायत से जुड़े एक मामले की जानकारी लेने थाना पहुंचे थे। इसी दौरान प्रदीप रजक, तारकेश्वर रजक, दिनेश रजक समेत अन्य लोगों ने कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की और गला दबाने का प्रयास किया।

विधायक ने आरोप लगाया कि उनके समर्थकों के साथ भी मारपीट की गई और सोने की चेन छीनी गई। उन्होंने प्रेम महतो समेत अन्य लोगों पर सुशील मंडल के गले से दो लाख रुपये से अधिक कीमत की चेन छीनने का आरोप लगाया है।

थाना प्रभारी से बातचीत के दौरान विवाद का आरोप

जयराम महतो के अनुसार, उन्हें जानकारी मिली थी कि गणेश दास के साथ मारपीट की गई है। इसी मामले में वह थाना प्रभारी रवि कुमार से बातचीत कर रहे थे। आरोप है कि बातचीत के दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और आपत्तिजनक बातें कहते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे सुशील मंडल के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप विधायक ने लगाया है।

शुक्रवार रात थाना परिसर में आमने-सामने आए थे दोनों पक्ष

बताया जाता है कि शुक्रवार रात फर्जी प्रमाणपत्र मामले को लेकर पुलिस गणेश दास को नोटिस देने पहुंची थी। इसके बाद उसे थाना लाया गया। इसी दौरान गणेश दास की पैरवी के लिए विधायक जयराम महतो अपने समर्थकों के साथ थाना पहुंचे। कुछ देर बाद मुखिया पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए।

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और थाना परिसर में मारपीट की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

फर्जी हस्ताक्षर और मुहर के इस्तेमाल का मामला

पूरा विवाद बड़ापिछरी पंचायत की मुखिया यशोदा देवी के कथित फर्जी हस्ताक्षर और मुहर के इस्तेमाल से प्रमाणपत्र बनाए जाने के आरोप से जुड़ा है। मुखिया की ओर से गांव के ही गणेश दास पर फर्जी हस्ताक्षर और मुहर का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था। इस संबंध में बरवाअड्डा थाना में कांड संख्या 129/24 दर्ज है।

गणेश दास को इसी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वह जेएलकेएम के एसी मोर्चा के सचिव बताए जाते हैं।

फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही मारपीट, धमकी और छिनतई के आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।