2029 में गुमला की तीनों विधानसभा सीट जीतने की तैयारी करे भाजपा: सागर उरांवBy Mid Time Correspondent Sun, 23 August 2026 07:24 PM

Photo: MidTime

भाजपा जिला कार्यालय डूमरडीह में रविवार को संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी की महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने की। इसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, पुराने और नए कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने तथा कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. दिनेश उरांव ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता का पार्टी के प्रति ईमानदार और समर्पित होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अनुभवी कार्यकर्ताओं के अनुभव से युवा कार्यकर्ताओं को सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। वरिष्ठ और युवा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल संगठन को नई मजबूती दे सकता है।

भाजपा जिलाध्यक्ष सागर उरांव ने कहा कि संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच संवाद बनाए रखने के लिए अब इस तरह की बैठक हर महीने आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्यकर्ता को संगठन से जुड़ी कोई शिकायत या समस्या है, तो वह बैठक में खुलकर अपनी बात रख सकता है। इसका उद्देश्य सभी कार्यकर्ताओं को संगठन की गतिविधियों में सक्रिय रूप से जोड़ना और उन्हें निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर देना है।

ADVERTISEMENT
Advertisement

सागर उरांव ने कहा कि हाल में नगर परिषद अध्यक्ष का पद भाजपा की झोली में आने के पीछे कार्यकर्ताओं की एकजुटता महत्वपूर्ण कारण रही। उन्होंने कहा कि जिस तरह गुमला नगर के कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर चुनाव में काम किया, उसी तरह जिले के सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं को भी एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना होगा।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2029 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा का लक्ष्य सिसई, गुमला और बिशुनपुर तीनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी को फिर से मजबूत कर जीत हासिल करना है। इसके लिए मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत बनाने की जरूरत है।

बैठक में कार्यकर्ताओं ने भी संगठन की मजबूती, आपसी समन्वय और आगामी चुनावों की तैयारियों से जुड़े अपने सुझाव रखे। सत्यनारायण पटेल, निर्मल गोयल, श्यामसुंदर साहू, भूपन साहू, सुरेश नाथ सिंह, दिनेश्वर साहू, संदीप प्रसाद, अमरमणि उरांव, सोनामनी देवी, लक्ष्मी यादव, संजय वर्मा, अरविंद मिश्रा और बबलू सिंह समेत कई कार्यकर्ताओं ने अपने विचार साझा किए।

बैठक में इस बात पर जोर दिया गया कि संगठन की मजबूती केवल चुनाव के समय की गतिविधियों से नहीं, बल्कि पूरे वर्ष कार्यकर्ताओं के बीच लगातार संपर्क, संवाद और सक्रियता से सुनिश्चित होती है। भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर जनता के बीच सक्रिय रहने और संगठन के कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का आह्वान किया।