

MMDR बिल के खिलाफ झामुमो ने राज्यव्यापी महासंग्राम का बिगुल फूँक दिया है। 31 अगस्त से झामुमो इस बिल के विरोध में जनजागरण अभियान शुरू करने जा रहा है। झामुमो संगठन के केंद्रीय समिति के निर्णय के बाद राज्य के सभी 24 जिलों में 31 अगस्त तक बूथ स्तर पर अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान लोगों को विधेयक से झारखंड और राज्य की जनता को होने वाले संभावित आर्थिक नुकसान के बारे में जानकारी दी जाएगी.
झामुमो महासचिव विनोद कुमार पांडे ने जिला और महानगर स्तर के पदाधिकारियों को पत्र जारी कर अभियान को प्रभावी तरीके से चलाने का निर्देश दिया है. पत्र में कहा गया है कि केंद्र सरकार द्वारा झारखंड के बकाया राशि को लेकर भी लोगों को जागरूक किया जाएगा. 7 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना दिया जाएगा.
इसके लिए जिला और महानगर स्तर पर रणनीति तैयार करने को कहा गया है. विनोद कुमार पांडे ने पदाधिकारियों से दोनों कार्यक्रमों की तैयारी जल्द पूरी करने और उन्हें जमीनी स्तर पर लागू करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि आगे के कार्यक्रमों की जानकारी अलग कार्यालय आदेश के माध्यम से दी जाएगी.
गौरतलब है कि 20 अगस्त को झामुमो की विस्तारित कार्यसमिति की बैठक मुख्यमंत्री सह पार्टी के केन्द्रीय अध्यक्ष हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में हिक थी। इसी बैठक में यह निर्णय लिया गया था कि MMDR बिल के खिलाफ झामुमो बूथ से लेकर संसद तक विरोध करेगा।
