

Ranchi: झारखंड के करीब 35 हजार स्कूलों में कल से बच्चों के लिए खास तीन दिवसीय आयोजन शुरू होने जा रहा है। 27 अगस्त से शुरू होने वाले इस अभियान में स्कूलों में खेल प्रतियोगिताओं के साथ कई तरह की गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
28 अगस्त को रक्षाबंधन की छुट्टी है, इसलिए उस दिन के लिए तय कार्यक्रमों को 27 अगस्त को ही कराया जाएगा। इसके बाद 29 और 30 अगस्त की गतिविधियां अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगी।
इस बार पूरे अभियान की थीम ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ रखी गई है। इसमें सरकारी स्कूलों के साथ सरकारी सहायता प्राप्त और निजी विद्यालय भी शामिल होंगे। बच्चों को अलग-अलग खेल प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा।
आयोजन को लेकर स्कूलों को भी पूरी तैयारी रखने को कहा गया है। बच्चों के लिए खेल सामग्री, पीने का पानी और जरूरत पड़ने पर प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
खास बात ये है कि 30 अगस्त रविवार होने के बावजूद स्कूल खुले रहेंगे। सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक बच्चों के लिए निर्धारित कार्यक्रम होंगे।
यानी कल से झारखंड के स्कूलों में सिर्फ किताबों और कक्षाओं की बात नहीं होगी, बल्कि मैदान में बच्चों का जोश और खेल का रंग भी देखने को मिलेगा।
