

रांची: धुर्वा थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का खुलासा करते हुए आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिल समेत कुल 10 वाहन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य विभिन्न साप्ताहिक बाजारों से मोटरसाइकिल चोरी कर उनके नंबर प्लेट बदलते थे और बाद में ग्रामीण क्षेत्रों में बेच देते थे।
पुलिस के मुताबिक, 25 अगस्त को धुर्वा थाना क्षेत्र के सिठियो-धुर्वा मार्ग स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल के पास करीब 2:30 बजे वाहन जांच चल रही थी। इसी दौरान दो मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोग पुलिस को देखकर वापस सिठियो की ओर भागने लगे। पुलिस बल ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया। वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर की जांच में एक मोटरसाइकिल चोरी की निकली। पूछताछ में आरोपियों से गिरोह के बारे में जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर छापेमारी शुरू की।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिल बरामद करने के साथ चोरी के वाहनों की खरीद-बिक्री में शामिल पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि कार्रवाई से रांची और आसपास के सीमावर्ती जिलों में दर्ज दर्जनों मोटरसाइकिल चोरी के मामलों का उद्भेदन हुआ है।


गिरफ्तार आरोपियों में भरत बैठा (26), सुनील करमाली (25), रोहित उरांव (22), रोहित कुमार मुंडा (28), प्रदीप उरांव, संजय गंझू (22), सरजू मुंडा और सुमित उरांव (29) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार भरत बैठा, सुनील करमाली और रोहित उरांव के खिलाफ पूर्व में भी चोरी समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं।
बरामद वाहनों में एसपी शाइन, अपाचे, हीरो होंडा डीलक्स, होंडा साइन, सुपर स्प्लेंडर, पैशन प्रो और यामाहा आर-15 समेत अन्य मोटरसाइकिल शामिल हैं।
इस संबंध में धुर्वा थाना कांड संख्या 226/26, दिनांक 25 अगस्त 2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
कार्रवाई हटिया डीएसपी नीरज कुमार झा के नेतृत्व में धुर्वा, जगन्नाथपुर, टाटीसिल्वे, मैक्लुस्कीगंज और विधानसभा थाना के पुलिस पदाधिकारियों की टीम ने की। टीम में धुर्वा थाना प्रभारी अनिल कुमार तिवारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।