भर्ती सुधार यात्रा का तीसरा दिन गिरिडीह पहुंचा, देवेंद्र नाथ महतो बोले- सरकार ने युवाओं से किया धोखाBy Mid Time Bureau Wed, 26 August 2026 07:11 PM

रांची: जेपीएससी-जेएसएससी अभ्यर्थी न्याय मंच के नेतृत्व में भर्ती व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों को लेकर चल रही भर्ती सुधार यात्रा के तीसरे दिन चतरा और कोडरमा होते हुए गिरिडीह पहुंची। यात्रा की शुरुआत इटखोरी स्थित मां भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ हुई।

इसके बाद देहर, चौपारण, बटबीघा, उरवां और बरही में जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोडरमा के सुभाष चौक, झंडा मोड़ और महाराणा प्रताप चौक पर पदयात्रा निकाली गई। वहीं गिरिडीह जिले के डोमचांच, घोड़थंभा और गोरीमहुआ में जनसभा एवं जनसंबोधन के माध्यम से युवाओं को भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए जागरूक किया गया।

यात्रा का नेतृत्व कर रहे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि राज्य सरकार ने झारखंड की युवा पीढ़ी के साथ धोखा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने राज्य के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया और मानव संसाधन का सम्मान नहीं किया। महतो ने कहा कि छात्रों के भविष्य की गारंटी और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

भर्ती सुधार यात्रा की शुरुआत रामगढ़ जिले के नेमरा से हुई है, जिसे दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मस्थली बताया जाता है। यात्रा के माध्यम से झारखंड के विभिन्न जिलों में पहुंचकर युवाओं और अभ्यर्थियों को भर्ती व्यवस्था में सुधार के लिए जागरूक किया जा रहा है। यात्रा गुरुवार को देवघर जिले में प्रवेश करेगी।

यात्रा के दौरान देवेंद्र नाथ महतो, मनोज यादव, आकांक्षा कुमारी, कृष्णा यादव, मेघनाथ महतो, चंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।

ADVERTISEMENT
Advertisement