सीएम हेमन्त को उनकी बहनों ने बांधी राखी, दिया आशीर्वाद By Mid Time Bureau Fri, 28 August 2026 04:49 PM

RANCHI : भाई-बहन के अटूट प्रेम, स्नेह और विश्वास का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व आज मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के लिए भी भावनाओं से भरा रहा। रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की कलाई पर बड़ी बहन अंजनी सोरेन ने रक्षा सूत्र बांधकर उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की। इस पावन पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन की चचेरी बहनों ने भी मुख्यमंत्री को रक्षा सूत्र बांधकर उनके उत्तम एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपनी बड़ी बहन का स्नेहपूर्वक आशीर्वाद लिया तथा छोटी बहनों को सहृदय स्नेह, आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने समस्त झारखंड वासियों को श्रावण पूर्णिमा तथा पवन पर्व रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि, उन्नति एवं खुशहाल जीवन की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री की माता रूपी सोरेन सहित अन्य परिजन उपस्थित थे। इसके अलावा रक्षाबंधन के पर सीएम हेमंत सोरेन को  दुमका जिला स्थित शिकारीपाड़ा प्रखंड के ग्राम-सीतासाल से रांची पहुंचकर मति सोरेन ने रक्षा सूत्र बांधी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने बहन मति सोरेन को आशीर्वाद देते हुए उन्हें रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि पिछले कई वर्षों से रक्षाबंधन के अवसर पर बहन मति सोरेन मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन को रक्षा सूत्र बांधती आई हैं।

ADVERTISEMENT
Advertisement