

रांची: जेएसएससी-सीजीएल पेपर लीक मामले की जांच कर रही एसआईटी को एक और अहम सफलता मिली है। जांच के दौरान एसआईटी ने वेबेल कंपनी से जुड़े दो लोगों सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद पांच दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। अब जांच टीम दोनों से वेबेल कंपनी की भूमिका और पेपर लीक प्रकरण में उनकी कथित संलिप्तता को लेकर पूछताछ करेगी।
जानकारी के अनुसार, सीजीएल परीक्षा के संचालन की जिम्मेदारी कोलकाता की कंपनी वेबेल को दी गई थी। परीक्षा संचालन के दौरान कंपनी की ओर से स्थानीय स्तर पर होने वाले कामकाज की जिम्मेदारी सोमांश प्रकाश संभाल रहा था। जांच में उसकी भूमिका को लेकर एसआईटी ने पूछताछ शुरू की है।
अभय तिवारी से पूछताछ में सामने आए अहम तथ्य
पेपर लीक मामले में एसआईटी पहले से ही टीडीपीएल से जुड़े अभय तिवारी समेत अन्य आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान अभय तिवारी ने पेपर लीक से जुड़े कई अहम खुलासे किए थे। उसने टीडीपीएल से जुड़े मिथिलेश सिंह और उमाशंकर प्रमाणिक की कथित मिलीभगत से पेपर लीक किए जाने की बात स्वीकार की थी।
जांच के दौरान यह भी सामने आया था कि अभ्यर्थियों को बोकारो ले जाकर प्रश्नों के उत्तर बताए जाने का आरोप है। इस मामले में अभय तिवारी के अलावा उसकी पत्नी सुषमा तिवारी और भाई अक्षय तिवारी की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।
वेबेल कंपनी की भूमिका पर अब जांच तेज
सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा और बढ़ गया है। एसआईटी अब यह पता लगाने में जुटी है कि परीक्षा संचालन के दौरान वेबेल कंपनी की ओर से किन-किन लोगों से संपर्क किया गया था और पेपर लीक की पूरी कड़ी में उनकी क्या भूमिका रही।
जांच एजेंसी को आशंका है कि दोनों से पूछताछ में पेपर लीक मामले से जुड़े कुछ और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। पांच दिनों की रिमांड के दौरान एसआईटी दोनों आरोपियों से लगातार पूछताछ करेगी।
दिल्ली से हुई दोनों की गिरफ्तारी
एसआईटी ने सोमांश प्रकाश और राहुल कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। जांच के मुताबिक, सीजीएल परीक्षा के आयोजन में वेबेल एजेंसी की भूमिका की पड़ताल के दौरान दोनों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई थी। इसके बाद जांच टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।
