

रांची: शहर में अपराध की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रांची पुलिस ने शुक्रवार को व्यापक अपराध-रोधी चेकिंग अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के 15 से अधिक प्रमुख स्थानों पर एक साथ पुलिस की टीमों ने वाहनों और संदिग्ध लोगों की जांच की।
सुजाता चौक, न्यू मार्केट चौक, खेलगांव, शहीद मैदान, चांदनी चौक और बिरसा चौक समेत कई प्रमुख इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाते हुए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी और रात के समय होने वाले अपराधों की रोकथाम के लिए सघन जांच की।
पुलिस ने इस दौरान संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच के साथ यातायात नियमों के पालन पर भी विशेष जोर दिया। प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर ड्रंकन ड्राइविंग के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच कर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की गई।
रांची पुलिस ने कहा कि शहर में अपराध पर नियंत्रण और आम नागरिकों की सुरक्षा के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जांच अभियान के दौरान पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या 112 पर दें।

