मनोहरपुर में टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव को मंजूरी, डॉ. प्रदीप वर्मा के प्रयास से यात्रियों को बड़ी राहतBy Mid Time Bureau Sat, 29 August 2026 01:03 PM

रांची: पश्चिमी सिंहभूम के मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री एवं झारखंड से राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के लगातार प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने ट्रेन संख्या 18189/18190 टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रयोगात्मक आधार पर ठहराव को मंजूरी दी है।

डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने 3 अप्रैल 2025 को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर मनोहरपुर में महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग की थी। उन्होंने बताया था कि मनोहरपुर रेलवे स्टेशन राउरकेला, रांची तथा झारखंड-बंगाल के प्रमुख रेल मार्गों से जुड़ा है। जामदा, किरीबुरू, गुवा और बड़बिल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों के यात्रियों के लिए भी यह स्टेशन महत्वपूर्ण है।

इसके बाद रेल मंत्रालय ने 1 जुलाई 2025 को संबंधित अधिकारियों को ट्रेनों के ठहराव की परिचालन व्यवहार्यता की जांच करने के निर्देश दिए थे। लगातार प्रयासों के बाद रेलवे बोर्ड ने 27 अगस्त 2026 को टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर स्टेशन पर ठहराव को प्रयोगात्मक आधार पर मंजूरी प्रदान की। रेलवे बोर्ड ने सुविधाजनक तिथि से ठहराव शुरू करने का निर्देश दिया है।

डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस निर्णय के लिए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और रेलवे बोर्ड का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मनोहरपुर और आसपास के लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी। यात्रियों, श्रमिकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सुविधा को देखते हुए इस मुद्दे को लगातार रेल मंत्रालय के समक्ष उठाया गया।

उन्होंने कहा कि ट्रेन के ठहराव से पश्चिमी सिंहभूम के हजारों यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलेगी। साथ ही मनोहरपुर क्षेत्र की औद्योगिक, व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

डॉ. वर्मा ने कहा कि झारखंड के विकास और जनसुविधाओं से जुड़े विषयों को केंद्र सरकार के समक्ष मजबूती से उठाना और उनके समाधान के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता है।

मनोहरपुर एवं पश्चिमी सिंहभूम के लोगों ने रेलवे बोर्ड के निर्णय का स्वागत करते हुए डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा के प्रति आभार जताया और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण जनहितकारी उपलब्धि बताया।