
झारखंड में स्वाइन फ्लू को लेकर चिंता बढ़ने लगी है। राज्य के अलग-अलग इलाकों से जांच के लिए भेजे गए संदिग्ध मरीजों के सैंपल में H1N1 वायरस की मौजूदगी सामने आई है। अब तक 8 सैंपल में H1N1 संक्रमण मिलने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया गया है।
रांची स्थित रिम्स के माइक्रोबायोलॉजी विभाग में लगातार संदिग्ध मामलों की जांच की जा रही है। विभागाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार के मुताबिक, जांच के लिए पहुंचे सैंपलों में कई मरीज H1N1 से संक्रमित पाए गए हैं। इन रिपोर्ट्स के बाद राज्य में स्वाइन फ्लू के संभावित बढ़ते प्रभाव को लेकर सतर्कता बढ़ गई है।
संभावित स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। राज्य के सभी जिलों के सिविल सर्जनों और सदर अस्पतालों के उपाधीक्षकों को जरूरी तैयारियां पूरी रखने और सतर्क रहने को कहा गया है।
इसको लेकर अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक भी हुई। स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव ने अस्पतालों में स्वाइन फ्लू से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को इलाज में किसी तरह की परेशानी न हो।
स्वास्थ्य विभाग के एक आईईसी अधिकारी के मुताबिक, फिलहाल विभाग की कोशिश संभावित खतरे से पहले ही निपटने की तैयारी रखने की है। विभाग का मानना है कि अगर आने वाले दिनों में स्वाइन फ्लू के और मामले सामने आते हैं, तो अस्पतालों के पास मरीजों के उपचार और संक्रमण नियंत्रण के लिए जरूरी संसाधन और व्यवस्थाएं पहले से मौजूद रहें।
यानी फिलहाल स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जिलों के अस्पतालों को किसी भी संभावित परिस्थिति के लिए तैयार रहने को कहा गया है।