
रांची: नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रविवार को मोरहाबादी स्थित अपने आवास पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का प्रसारण पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इस मौके पर मांडर की पूर्व विधायक गंगोत्री कुजूर, पूर्व प्रत्याशी सनी टोप्पो सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने प्रधानमंत्री के संबोधन को गंभीरता से सुना और उनके द्वारा देशवासियों से साझा किए गए विभिन्न विषयों एवं संदेशों पर चर्चा की। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री देश के अलग-अलग क्षेत्रों में हो रहे उल्लेखनीय कार्यों, सामाजिक बदलाव और जनभागीदारी की कहानियों को देश के सामने रखते हैं।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्रहित में योगदान देने और सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।