मुसलमानों पर विवादित टिप्पणी ने बढ़ाई मुश्किल, झारखंड कांग्रेस के 2 नेताओं पर गिरी गाज By Mid Time Bureau Sun, 30 August 2026 12:16 PM

झारखंड कांग्रेस ने विवादित टिप्पणी के मामले में अपने ही दो नेताओं के खिलाफ कड़ा कदम उठाया है। प्रदेश उपाध्यक्ष अभिलाष साहू और को-ऑर्डिनेटर अमरेंद्र सिंह को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। दोनों नेताओं पर मुसलमानों का कथित तौर पर मजाक उड़ाने और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप लगे थे।

मामला सामने आने के बाद पार्टी ने इसे गंभीरता से लिया और अनुशासनात्मक प्रक्रिया शुरू की। प्रदेश अनुशासन समिति के स्तर पर मामले की सुनवाई की गई। इसके बाद दोनों नेताओं के खिलाफ कार्रवाई का फैसला लिया गया।

पार्टी की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, अभिलाष साहू और अमरेंद्र सिंह को तत्काल प्रभाव से प्राथमिक सदस्यता से निलंबित किया गया है। यानी फिलहाल दोनों नेताओं की पार्टी में सक्रिय भूमिका पर रोक लगा दी गई है।

इस कार्रवाई की जानकारी झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के. राजू, सहप्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, भूपेंद्र मरावी समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों को भी दी गई है।

कांग्रेस की इस कार्रवाई को पार्टी के भीतर अनुशासन को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है। विवादित टिप्पणी के बाद संगठन ने यह स्पष्ट करने की कोशिश की है कि नेताओं के सार्वजनिक आचरण और बयानों को लेकर पार्टी स्तर पर कार्रवाई की जा सकती है।