नेपाल में संपर्क टूटा तो बढ़ी चिंता, रांची के लापता रामप्रसाद के परिवार से मिले संजय सेठBy Mid Time Bureau Sun, 30 August 2026 06:31 PM

नेपाल में बाढ़ के बाद रांची के रामप्रसाद घोष का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। 25 अगस्त को परिवार से उनकी आखिरी बातचीत हुई थी और 26 अगस्त से उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया। कई दिनों से परिवार उनकी जानकारी के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

रामप्रसाद नेपाल के अपर त्रिशूली क्षेत्र में एंड्रिट्ज हाइड्रो पावर कंपनी में एडमिन के पद पर कार्यरत हैं। संपर्क टूटने के बाद उनके परिजन नेपाल पहुंच चुके हैं और काठमांडू से लेकर त्रिशूली इलाके तक उनकी तलाश की जा रही है। भारतीय दूतावास और दूसरे संबंधित माध्यमों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इसी बीच केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को रामप्रसाद के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार की स्थिति की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि रामप्रसाद की तलाश के लिए हरसंभव स्तर पर मदद की जाएगी।

परिजनों के मुताबिक, अभी तक रामप्रसाद की स्थिति को लेकर कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है। उनकी बहन पूजा घोष और भाई प्रकाश कुमार घोष ने बताया कि परिवार लगातार संपर्क साधने और खोजबीन की कोशिश कर रहा है।

रामप्रसाद का एक दोस्त भी नेपाल में उनकी तलाश में परिवार की मदद कर रहा है। अब परिवार को संबंधित एजेंसियों और दूतावास के प्रयासों से उनके बारे में जल्द कोई जानकारी मिलने की उम्मीद है।