
रांची: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज FIR के विरोध में झारखंड कांग्रेस ने सोमवार को रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक विरोध मार्च निकाला गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अल्बर्ट एक्का चौक पर सरकार का पुतला दहन किया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज FIR को राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार गरीबों, दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठा रहे हैं। इसी कारण उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुकदमों और दबाव के जरिए राहुल गांधी की आवाज को दबाया नहीं जा सकता।
कांग्रेस के सह प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, सांसद सुखदेव भगत और विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने भी केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के कई विधायक, वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया और राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए।