
Ranchi: झारखंड में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और उससे सटे पश्चिम बंगाल-ओडिशा तट पर बना निम्न दबाव का क्षेत्र अब झारखंड की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक, एक सितंबर को रांची समेत झारखंड के लगभग सभी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 2, 3 और 4 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है।
इधर, राजधानी रांची में सोमवार को दिनभर रुक-रुककर बारिश होती रही। देर शाम तक भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। रांची में करीब 13 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अगर पिछले 24 घंटे के आंकड़ों की बात करें तो लातेहार के महुआडांड में सबसे ज्यादा 171 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद डुमरिया में 112.2 मिलीमीटर, मझगांव में 95.4 मिलीमीटर, चाकुलिया में 92.4 मिलीमीटर और मुसाबनी में 80.2 मिलीमीटर बारिश हुई।
वहीं, लोहरदगा में 41 मिलीमीटर, जमशेदपुर में 49 मिलीमीटर और चाईबासा में 29.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। कुल मिलाकर, झारखंड में मॉनसून की फिर से सक्रियता के कारण आने वाले दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है और कई जिलों में भारी बारिश को लेकर मौसम विभाग ने सतर्क रहने की चेतावनी दी है।