
RANCHI : भाजपा ने झारखंड में परिसीमन मामले पर कांग्रेस द्वारा केवल झूठ परोसने और इस पर दोहरी राजनीति करने को लेकर जोरदार हमला किया है। पार्टी के प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने 2008 में तत्कालीन केंद्र की यूपीए सरकार पर हमला बोलते हुए कांग्रेस द्वारा की गई पूर्व की गलतियों के लिए कांग्रेस और राहुल गांधी से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आज परिसीमन का जो भी विवाद है उसकी जिम्मेवारी सिर्फ और सिर्फ कांग्रेस की है, इस पार्टी की गलत नीतियों की यह देन है। कांग्रेस ने कभी इसका स्थाई समाधान चाहा ही नहीं और बीमारी का रूप बढ़ता गया।
बाउरी ने कहा कि भाजपा जनजातीय समाज की सदैव हितैषी रही है। भाजपा ने कई मौकों पर इसे प्रमाणित किया है। उन्होंने कहा कि 2008 में देश में संविधान संशोधन किया गया था। तब जनसंख्या के आधार पर परिसीमन का प्रस्ताव कांग्रेस की सरकार ने किया था। इससे झारखंड की आदिवासी सीटों की संख्या 28 से घटकर 22 हो रही थी। ऐसी परिस्थिति में भाजपा ने जनजातीय समुदाय के हितों और उनकी भावनाओं का कद्र करते हुए कांग्रेस का समर्थन किया था। 2008 में भाजपा ने यूपीए सरकार को संविधान में 84वें संशोधन के लिए राजनीति से ऊपर उठकर साथ देने का काम दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपने पूरे कार्यकाल में एक भी उदाहरण पेश करे कि उन्होंने जनजातीय समुदाय के विकास के लिए या उनके सम्मान के लिए कोई कार्य किया हो।
श्री बाउरी ने कहा कि आज कांग्रेस आदिवासी सीटें घटने को लेकर झारखंड में भ्रम फैला रही है। पहले तो कांग्रेस और राहुल गांधी को 2008 के प्रस्ताव के लिए जनजातीय समुदाय से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस ने कई गलतियां की है। अगर वास्तव में राहुल गांधी को अपराध बोध के कारण आज पछतावा हो रहा है, तो जनता से अविलंब माफी मांगनी चाहिए। श्री बाउरी ने कहा कि आज जो चरित्र कांग्रेस दिखा रही है, 2008 में वही चरित्र अगर भारतीय जनता पार्टी दिखाई होती तो क्या यह संशोधन कांग्रेस कर पाती? उस समय भाजपा सकारात्मक राजनीति का परिचय देते हुए कांग्रेस की सरकार को अपना समर्थन नहीं देती तो क्या यह संशोधन संभव था ? तब तो 2008 में ही आदिवासी सीटें घट गई होती। लेकिन बीजेपी का यह स्वभाव नहीं है। भाजपा हमेशा राष्ट्र और यहां के नागरिकों के वृहद लाभ, उनके हक के साथ खड़ी रहती है।
श्री बाउरी ने कहा कि परिसीमन आयोग के गठन के पहले ही कांग्रेस हायतौबा मचा रही है। अभी तक परिसीमन आयोग का गठन बीजेपी सरकार ने किया भी नहीं है और न ही कोई प्रपोजल ही दिया गया है। कांग्रेस बेवजह आरोप लगा रही है। कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि आदिवासी, दलित, महिलाओं को उनका वास्तविक हक अधिकार मिले। कांग्रेस हर बार नया झूठ, नया नेगेटिव लेकर जनता को भ्रमित करती रहती है। उनके इस झूठ से झारखंड को, देश को कितना नुकसान होगा इससे उनको कोई चिंता नहीं है।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने साफ कर दिया है कि इस बार परिसीमन का आधार जनसंख्या नहीं होगा। जितनी सीटें हैं उसमें 50% बढ़ोतरी के साथ सीटें बढ़ाई जाएगी। अगर यहां 81विस सीटें हैं तो 121 सीटें होगी, 28 एसटी सीटों की जगह वह बढ़कर 42 हो जाएगी, 9 sc सीटें हैं वह 14 हो जाएगी। जब सीटें बढ़ने वाली थी तो झामुमो कांग्रेस ने इसका विरोध किया। Jmm और कांग्रेस गृहमंत्री का जो 50% वाला मॉडल है उसको स्वीकार कर ले तो परिसीमन को लेकर जो विसंगतियां हैं वह हमेशा के लिए खत्म हो जाती। कांग्रेस झामुमो बतलाए कि वह किस कारण से जनसंख्या को ही आधार बनाकर रखना चाहती है। यह गृह मंत्री के 50% वाले मॉडल को क्यों नहीं स्वीकार कर रही है। इन दोनों दलों को यह बताना चाहिए। जब सीटें बढ़ रही थी तब उन्होंने विरोध क्यों किया और दूसरी तरफ लोगों को गुमराह कर रहे हैं कि सीट घट रही है। इसका कारण कांग्रेस की गलत नीतियां है। इस दौरान प्रदेश प्रवक्ता अशोक बड़ाइक, प्रकाश सिंह, मीडिया सह प्रभारी नीरज सिंह भी उपस्थित रहे।