
कुजू। बैंक ऑफ बड़ौदा की ओर से नीलाम की गई मौजा सांडी स्थित संपत्ति को खाली कराने और सफल बोलीदाता को कब्जा दिलाने के लिए मंगलवार को प्रशासनिक टीम पहुंची। हाईकोर्ट, रांची के निर्देश के बाद रामगढ़ डीसी से पत्राचार कर संपत्ति खाली कराने का निर्देश दिया गया था। इसके बाद प्रशासन की मौजूदगी में कार्रवाई की गयी। जानकारी के अनुसार, सांडी निवासी आलोक इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने बैंक से करीब 55 लाख रुपये का ऋण लिया था। खाता एनपीए होने के बाद वर्ष 2023 में ऋण वसूली की प्रक्रिया शुरू की गयी। 18 नवंबर 2025 को जिला प्रशासन की मदद से दंडाधिकारी की मौजूदगी में बैंक ने संपत्ति पर भौतिक कब्जा लिया था। इसके बाद बैंक ने संपत्ति की नीलामी की, जिसमें सफल बोलीदाता का चयन किया गया। बैंक प्रबंधक के अनुसार, 18 नवंबर 2025 से उक्त संपत्ति पर बैंक का भौतिक कब्जा था। इस संबंध में दंडाधिकारी सह रामगढ़ सीओ रमेश रविदास ने बताया कि मकान खाली करा लिया गया है, सफल बोलीदाता की अनुपस्थित होने की वजह से बैंक प्रबंधन को चाभी सौंप दिया गया है। कार्रवाई में दंडाधिकारी सह रामगढ़ सीओ रमेश रविदास, बैंक के मुख्य प्रबंधक संजीव कुमार वर्मा, सीनियर प्रबंधक दिनेश कुमार, कुजू ओपी के एसआई नागेंद्र सिंह, राजेश कुमार तथा रामगढ़ पुलिस लाइन से आए महिला-पुरुष पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।