दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का कल होगा शुभारंभ, 3 सितंबर को बाल गोपाल-बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता, 4 सितंबर को फूटेगी दही हांडीBy Mid Time Bureau Wed, 02 September 2026 06:27 PM

RANCHI : श्री कृष्ण जन्मोत्सव एवं दही हांडी प्रतियोगिता आयोजन समिति, मोरहाबादी, रांची द्वारा आयोजित दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ 3 सितंबर 2026 को बाल गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता के साथ होगा। वहीं 4 सितंबर 2026 को मोरहाबादी मैदान में भव्य दही हांडी प्रतियोगिता, भजन संध्या एवं रासलीला का आयोजन किया जाएगा।


इसी क्रम में आज मोरहाबादी मैदान में दही हांडी आयोजन स्थल का विधिवत भूमि पूजन वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया गया। समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने मटकी फोड़ने वाले क्षेत्र में विधिवत पूजा-अर्चना कर दही हांडी स्थल के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
समिति के मुख्य संरक्षक राजीव रंजन प्रसाद ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर रांचीवासियों में खासा उत्साह है। इस वर्ष दो दिवसीय आयोजन में बच्चों से लेकर युवाओं और श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।


3 सितंबर को बाल गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता
3 सितंबर 2026 को रांची के चिरौंदी स्थित गीतांजलि बैंक्वेट हॉल में बाल गोपाल एवं बाल राधा पोशाक प्रतियोगिता आयोजित होगी। इसमें 0 से 5 वर्ष एवं 6 से 12 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे बाल गोपाल एवं बाल राधा की पोशाक में हिस्सा ले सकेंगे।
प्रतियोगिता में कोई प्रवेश शुल्क नहीं होगा और यह पूरी तरह निःशुल्क है। प्रतिभागी बच्चों के अभिभावकों को पंजीकरण के लिए एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। प्रतियोगिता का पंजीकरण 3 सितंबर को ही गीतांजलि बैंक्वेट हॉल, चिरौंदी में दोपहर 2 बजे से किया जाएगा।
प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को 4 सितंबर को मोरहाबादी मैदान स्थित दही हांडी आयोजन स्थल पर मुख्यमंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा।


4 सितंबर को फूटेगी दही हांडी
4 सितंबर  को मोरहाबादी मैदान में भव्य दही हांडी प्रतियोगिता के साथ भजन संध्या एवं रासलीला का भी आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर समिति द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। आज के भूमि पूजन कार्यक्रम में मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष विनोद गोप, मनोज गुप्ता, सचिव रोहित सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष राहुल किट्टू सिंह, वेद प्रकाश, मनोज कुमार सहित समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।समिति ने रांचीवासियों से दो दिवसीय श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।