छात्रों पर FIR को ले कर सियासत तेज़, भाजपा ने की चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा By Mid Time Bureau Fri, 04 September 2026 04:24 PM

रांची: झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती परीक्षाओं को लेकर शुरू हुआ छात्र आंदोलन अब सियासी टकराव की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। छात्रों पर दर्ज FIR को लेकर भाजपा ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

भाजपा नेताओं का आरोप है कि राज्य के इतिहास में शायद पहली बार इतने बड़े पैमाने पर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पार्टी का दावा है कि छात्रों के रोजगार और भविष्य से जुड़े सवालों को दबाने की कोशिश की जा रही है।
भाजपा ने यह भी आरोप लगाया कि आंदोलन के दौरान कुछ स्थानों पर राजनीतिक कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और छात्रों के साथ कथित तौर पर दबाव बनाने की घटनाएं सामने आईं।

इसी मुद्दे को लेकर भाजपा का प्रतिनिधिमंडल प्रोजेक्ट भवन पहुंचा और मुख्य सचिव से मुलाकात कर छात्रों पर दर्ज FIR वापस लेने की मांग की। भाजपा ने सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम भी दिया है।

भाजपा नेताओं का कहना है कि अगर छात्रों पर दर्ज मुकदमे वापस नहीं लिए गए, तो पार्टी प्रदेश के 24 जिलों में आंदोलन करेगी और 8, 9, 10 और 11 सितंबर को DC और SP कार्यालयों का घेराव किया जाएगा।

अब सवाल यह है कि छात्रों के आंदोलन और उन पर दर्ज मुकदमों को लेकर सरकार क्या कदम उठाती है? क्या FIR वापस होगी या फिर झारखंड में छात्र आंदोलन एक बार फिर बड़े राजनीतिक संघर्ष का रूप लेगा?