
रांची: रातू थाना क्षेत्र में जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने के मामले का रांची पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में संलिप्त गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पूर्व में नक्सली घटना और रेल डकैती जैसे गंभीर मामलों में जेल जा चुका है।
जानकारी के मुताबिक, 31 जुलाई 2026 को रातू थाना में कांड संख्या 262/26 दर्ज किया गया था। वादी ने अज्ञात मोबाइल नंबर और अज्ञात अपराधकर्मी के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर रंगदारी मांगने की शिकायत दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रांची के निर्देश पर एसपी ग्रामीण के निर्देशन में डीएसपी मुख्यालय-द्वितीय अजय आर्यन के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए आरोपी गणेश पाहन उर्फ गणेश मुंडा को गिरफ्तार किया।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक सिम कार्ड बरामद किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ चक्रधरपुर रेल थाना, मुरहू और टेबो थाना में डकैती, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास और प्रतिबंधित संगठन से जुड़े गंभीर मामले दर्ज रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।