
रांची: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जे-टेट) के आयोजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षा से लेकर रिजल्ट जारी करने तक का पूरा प्रस्तावित टाइमलाइन स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग को सौंप दिया है। इसके अनुसार जे-टेट परीक्षा अक्टूबर महीने में आयोजित किए जाने की तैयारी है।
जैक की ओर से 11 अक्टूबर को परीक्षा कराने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, परीक्षा की आधिकारिक तिथि की घोषणा जैक द्वारा जल्द की जाएगी। परीक्षा के लिए राज्यभर में एक हजार से अधिक परीक्षा केंद्र बनाए जाने की संभावना है। इसके लिए जैक ने सभी जिलों से परीक्षा केंद्रों से संबंधित जानकारी मांगी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार परीक्षा के बाद मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी कर दिसंबर में रिजल्ट जारी करने की तैयारी है। परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों के बीच भी उत्सुकता बढ़ गई है। आधिकारिक तिथि जारी होने के बाद आवेदन, परीक्षा केंद्र और अन्य जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी जैक की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी।