
रांची: रिम्स में मरीजों की सुरक्षा और अस्पताल की व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के दो अहम हिस्सों से एसी का कॉपर पाइप चोरी होने के बाद कई मशीनें बंद हो गई हैं। इसका सीधा असर वहां इलाज करा रहे मरीजों पर पड़ रहा है। खास चिंता न्यूरो सर्जरी आइसीयू को लेकर है, जहां गंभीर हालत में भर्ती मरीजों के लिए तापमान नियंत्रित रखना बेहद जरूरी माना जाता है।
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने न्यूरो सर्जरी आइसीयू के सी-वन और डी-वन वार्ड में लगे एसी के कॉपर पाइप को काटकर निकाल लिया। घटना बुधवार रात की बताई जा रही है। पाइप कट जाने के बाद दोनों वार्ड के एसी काम करना बंद कर चुके हैं। वहीं, स्त्री एवं प्रसूति विभाग के सी-टू में भी एसी से जुड़ी कॉपर पाइप चोरी होने की बात सामने आयी है। यहां लेबर रूम के साथ महिला डॉक्टरों का चेंबर भी मौजूद है।
एसी बंद होने से गर्मी और उमस के बीच मरीजों और उनके परिजनों की परेशानी बढ़ गयी है। एक मरीज के परिजन ने बताया कि गर्मी बढ़ने के कारण उनके मरीज को सांस लेने में तकलीफ हो रही है और हालत पहले की तुलना में ज्यादा खराब महसूस हो रही है। न्यूरो सर्जरी विभाग के अध्यक्ष ने भी एसी को जल्द से जल्द ठीक कराने की जरूरत बतायी है। उनका कहना है कि बढ़ती गर्मी का असर मरीजों की स्थिति पर पड़ रहा है और मरम्मत में देरी परेशानी बढ़ा सकती है।
स्त्री एवं प्रसूति विभाग की ओर से भी रिम्स प्रबंधन से एसी व्यवस्था तत्काल बहाल करने की मांग की गयी है। खासकर लेबर रूम में तापमान की स्थिति मरीजों और नवजातों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। ऐसे में एसी की खराबी को केवल सामान्य तकनीकी समस्या नहीं माना जा सकता।
बताया जा रहा है कि दोनों विभागों से चोरी किये गये कॉपर पाइप की कीमत करीब पांच लाख रुपये तक हो सकती है। इतनी बड़ी चोरी ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खोल दी है। सवाल यह है कि जिस परिसर में होमगार्ड और सैप के जवान तैनात हैं, वहां चोर अस्पताल के संवेदनशील हिस्सों तक पहुंचे और पाइप काटकर ले भी गये।
रिम्स परिसर में 1300 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगे होने की बात कही जाती है। इसके बावजूद न्यूरो सर्जरी आइसीयू जैसे संवेदनशील इलाके में चोरी की घटना होना निगरानी व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। रात के समय हुई इस वारदात में चोरों ने एसी के कॉपर पाइप काटे और मौके से फरार हो गये।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि इतने बड़े अस्पताल परिसर में सुरक्षा के इंतजाम के बावजूद चोर आखिर संवेदनशील वार्ड तक कैसे पहुंचे? क्या सीसीटीवी में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई और अगर हुई, तो अब तक आरोपियों की पहचान क्यों नहीं हो सकी? फिलहाल मरीज गर्मी से परेशान हैं और एसी की मरम्मत का इंतजार कर रहे हैं। वहीं, इस चोरी ने रिम्स की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रबंधन के सामने भी कई सवाल खड़े कर दिये हैं।