
रांची में सोमवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई से हलचल बढ़ गई। ईडी की टीम ने कोकर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक ठिकाने पर छापेमारी शुरू की। यह कार्रवाई टीएमसी के राज्यसभा सांसद मोहम्मद नदीमुल हक से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में बताई जा रही है। रांची के अलावा कोलकाता और दिल्ली में भी ईडी की टीमें एक साथ कार्रवाई कर रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मामले की जांच का केंद्र कोलकाता है। सांसद से जुड़े कुछ ठिकाने कोलकाता में हैं, जबकि रांची के कोकर इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित एक ठिकाने को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है। ईडी की टीम यहां दस्तावेजों और दूसरे रिकॉर्ड की जांच कर रही है। मामला कथित तौर पर ऐसे कंटेंट के प्रकाशन से जुड़ा है, जिसे लेकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की शिकायत की गई थी। इसके साथ ही संदिग्ध वित्तीय लेनदेन और कुछ सौदों के जरिए कथित फंडिंग की भी जांच की जा रही है। रांची वाले ठिकाने का कनेक्शन अखबारे मशरिक प्राइवेट लिमिटेड से बताया जा रहा है। एजेंसी की जांच उर्दू दैनिक में प्रकाशित कुछ सामग्री और उसमें हुए कथित निवेश से जुड़े पहलुओं पर केंद्रित है। इसी मामले में विधाननगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर ईडी ने ईसीआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच आगे बढ़ने के बाद एजेंसी को कथित मनी लॉन्ड्रिंग के संकेत मिलने की बात सामने आई। इसके बाद 7 सितंबर को कोलकाता, दिल्ली और रांची में एक साथ सात ठिकानों पर कार्रवाई शुरू की गई। फिलहाल ईडी की टीम सभी ठिकानों पर दस्तावेज और अन्य साक्ष्य खंगाल रही है। छापेमारी के दौरान क्या बरामद हुआ है और जांच में आगे क्या सामने आता है, इस पर एजेंसी की ओर से आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।