सदर अस्पताल के पास बाइक चोरी गिरोह का खुलासा, चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामदBy Mid Time Bureau Mon, 07 September 2026 12:58 PM

रांची: रांची के सदर अस्पताल परिसर और आसपास लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी के गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने सदर अस्पताल परिसर से एक संदिग्ध को पकड़ा। पूछताछ और उसकी निशानदेही के आधार पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की हैं। मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। 


पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अस्पताल के आसपास तैनात टाइगर मोबाइल, पीसीआर और माइक को विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया था। इसी दौरान 6 सितंबर 2026 को अस्पताल परिसर में एक संदिग्ध व्यक्ति के मोटरसाइकिल चोरी की फिराक में घूमने की सूचना मिली। सूचना का सत्यापन कर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में इरफान अंसारी, मो. कैश आलम, मोसिन राय, इमरान आलम उर्फ भालो, मो. जफरूल्ला और सैफ अंसारी उर्फ राज शामिल हैं। इसके अलावा छापेमारी के दौरान वर्ष 2021 के एक मामले के अप्राथमिकी अभियुक्त शाहिद राय को भी गिरफ्तार किया गया। 
पुलिस ने चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनके रजिस्ट्रेशन नंबर JH09AJ-8499, JH01DM-284, JH01BP-4092 और JH05DL-8507 हैं। कार्रवाई में लोअर बाजार थाना के पुलिस पदाधिकारियों और सशस्त्र बल की टीम शामिल रही।