विधायक जनार्दन पासवान के बेटे के अपहरण की रची गई साजिश, पुलिस ने एक घंटे में सकुशल किया बरामदBy Mid Time Bureau Mon, 07 September 2026 08:02 PM

रांची: राजधानी रांची में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब चतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के अपहरण की सूचना पुलिस को मिली। जानकारी के अनुसार, एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के सामने कुछ लोग काले रंग की स्कॉर्पियो से पहुंचे और सौरभ के साथ मारपीट करते हुए जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस ने तत्काल शहर के विभिन्न इलाकों में एंटी क्राइम चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने कई स्थानों पर वाहनों की जांच की। वहीं, स्थानीय विधानसभा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। चतरा विधानसभा से लोजपा (आर) के विधायक जनार्दन पासवान के अपह्रत बेटे को रांची पुलिस ने सकुशल ढूंढ़ निकाला है। इस मामले को लेकर रांची पुलिस ने सोशल मीडिया में पोस्ट कर बताया है कि आज यानि 07 सितम्बर को रांची पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि एमिटी यूनिवर्सिटी के गेट के सामने कुछ व्यक्ति काले रंग के स्कॉर्पियो से पहुंचे और चतरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ के साथ मारपीट करते हुए जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए हैं। 
घटना की सूचना मिलते ही रांची पुलिस द्वारा शहर को सील करते हुए विभिन्न स्थानों पर सघन एंटी क्राइम चेकिंग प्रारंभ की गई। स्थानीय विधानसभा थाना की पुलिस द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर छानबीन कर त्वरित कार्रवाई करते हुए अत्यल्प समय में विधायक जनार्दन पासवान के अपहृत पुत्र सौरभ को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अग्रतर विधिसम्मत कारवाई की जा रही है। इससे पहले विधायक जनार्दन पासवान ने अपने पुत्र के अपहरण की सूचना प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदित्य साहू को भी दी थी। आदित्य साहू ने इस बाबत रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक से भी दूरभाष पर बात की थी और विधायक पुत्र के सकुशल खोज निकालने का आग्रह किया था। 

पुलिस को धन्यवाद, अपहरण हुआ है तो जड़ तक पहुंचे पुलिस : जनार्दन 

इधर, रिपोर्टर पोस्ट से बातचीत करते हुए विधायक जनार्दन पासवान ने रांची पुलिस को धन्यवाद दिया। विधायक ने कहा कि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उनके बेटे को सकुशल बरामद कर लिया, इसके लिए वह पुलिस का आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनके बेटे के साथ किडनैपिंग की घटना हुई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। विधायक ने पुलिस से घटना की जड़ तक पहुंचने और पूरे मामले का सच सामने लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दूध का दूध और पानी का पानी होना चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई में जुटी है।


मारपीट का वीडियो भी सामने आया


इस मामले में विधायक जनार्दन पासवान ने रिपोर्टर पोस्ट को मारपीट का एक वीडियो भी उपलब्ध कराया है। वीडियो में कई लोग सौरभ के साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे लोगों की पहचान और वीडियो की पूरी परिस्थितियों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।