
रांची: हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति द्वारा श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर भव्य दही हांडी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ हिस्सा लिया।
समिति के मुख्य संरक्षक नंदन यादव जी की पहल एवं मार्गदर्शन में दही हांडी प्रतियोगिता का सफल एवं भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में बजरंग दल मालती मंदार टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगभग 22 फीट की ऊंचाई पर लगी मटकी को मात्र 1 मिनट 2 सेकंड में फोड़कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। टीम के इस शानदार प्रदर्शन पर उपस्थित दर्शकों ने जोरदार तालियों एवं जयकारों के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति के अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह एवं सचिव चंदन यादव सहित समिति के सनी यादव, अभिजीत हलदार, भूपेन्द्र कुमार आईआईएम सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने अपना बहुमूल्य समय देकर कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
दही हांडी प्रतियोगिता के दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल गूंज उठा। समिति की ओर से प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों एवं सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया गया।
हटिया जन्माष्टमी पूजा समिति ने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य समाज में आपसी भाईचारा, एकता और सद्भाव को मजबूत करना है। समिति भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी।