
बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम अगर अभी बाकी है, तो उसे टालना भारी पड़ सकता है। 11 सितंबर को देशभर के राष्ट्रीयकृत बैंकों में कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल पर रहेंगे। इसके बाद 12 और 13 सितंबर को शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। यानी बैंक शाखाओं में लगातार तीन दिनों तक सामान्य कामकाज प्रभावित रहेगा।
यह हड़ताल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर की जा रही है। बैंक कर्मचारी लंबे समय से लंबित अपनी मांगों और पुराने समझौतों को लागू नहीं किए जाने के विरोध में हड़ताल कर रहे हैं।
हड़ताल के चलते शुक्रवार को बैंक शाखाओं में लेनदेन और दूसरे काउंटर से जुड़े काम प्रभावित हो सकते हैं। इसके बाद वीकेंड की छुट्टी के कारण शाखाएं बंद रहेंगी।
ऐसे में कैश निकालने, चेक जमा करने, बैंक ट्रांसफर या किसी दूसरे जरूरी बैंकिंग काम के लिए अगर शाखा जाना है, तो बेहतर होगा कि उसे पहले ही पूरा कर लें। लगातार तीन दिन बैंक बंद रहने की वजह से सोमवार को काम का दबाव भी बढ़ सकता है।