
रांची: सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) ने अपने कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके आश्रितों को बेहतर, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण डिजिटल पहल की है। सीसीएल मुख्यालय, रांची स्थित मंथन सभागार में गुरुवार को सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने CPRMSE/NE 2.0 पोर्टल और Online Dependent Employment Portal का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (योजना एवं परियोजना) अनुप हंजुरा, मुख्य सतर्कता अधिकारी पंकज कुमार सहित सीसीएल के विभिन्न विभागों के महाप्रबंधक एवं विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
CPRMSE/NE 2.0 पोर्टल के माध्यम से सेवानिवृत्त कर्मियों के मेडिकल क्लेम और रिम्बर्समेंट की प्रक्रिया को कागजी एवं फाइल आधारित व्यवस्था से डिजिटल वर्कफ्लो में बदला गया है। अब पूर्व कर्मचारी घर बैठे मेडिकल क्लेम और संबंधित दस्तावेज ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। साथ ही क्लेम की स्थिति की ऑनलाइन निगरानी करने और किसी आपत्ति या ऑब्जर्वेशन का डिजिटल माध्यम से जवाब देने की सुविधा भी मिलेगी।
पोर्टल के जरिए PRB, CMS/Medical और Finance विभागों के बीच क्लेम का इलेक्ट्रॉनिक मूवमेंट, कार्य आवंटन, डिजिटल रिकॉर्ड, ऑडिट ट्रेल तथा SMS और मोबाइल अलर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ने के साथ सेवानिवृत्त कर्मियों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
वहीं, Online Dependent Employment Portal के माध्यम से सेवा अवधि में दिवंगत हुए कर्मचारियों के आश्रितों और दावेदारों के रोजगार अथवा NCWA के तहत आर्थिक मुआवजे से संबंधित मामलों की प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाया गया है। आश्रित ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने के साथ विभिन्न चरणों में अपने मामले की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। कमियों, लंबित कार्यों और प्रक्रिया के महत्वपूर्ण चरणों की जानकारी SMS और ई-मेल के माध्यम से दी जाएगी। अधिकारियों के लिए केंद्रीकृत मॉनिटरिंग और डैशबोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
सीसीएल की इन-हाउस टीम ने किया विकास
दोनों पोर्टलों की खास बात यह है कि इन्हें सीसीएल के सिस्टम विभाग की इन-हाउस तकनीकी टीम ने विकसित किया है। सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह ने इसे कंपनी की तकनीकी क्षमता और नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग से कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मियों और उनके परिवारों को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना कंपनी की प्राथमिकता है।
उन्होंने संबंधित विभागों और सिस्टम विभाग की टीम को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि डिजिटल समाधान सेवा वितरण को अधिक सुगम और प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
सीसीएल के अनुसार, दोनों पोर्टल कंपनी को केंद्रीकृत डिजिटल सेवा वितरण की दिशा में आगे ले जाएंगे। इससे प्रक्रियाएं अधिक पेपरलेस और पारदर्शी होने के साथ लाभार्थियों की सुविधा, जवाबदेही और कार्यप्रणाली की दक्षता भी मजबूत होगी।