13 साल बाद ईस्ट जोन ने जीती दलीप ट्रॉफी, झारखंड के 5 खिलाड़ियों ने फाइनल में बल्ले-गेंद से रचा जीत का पूरा खेलBy Mid Time Bureau Thu, 10 September 2026 07:28 PM

दलीप ट्रॉफी 2026 में ईस्ट जोन ने 13 साल का इंतजार खत्म करते हुए खिताब अपने नाम कर लिया। इस जीत की सबसे खास बातों में से एक रहा झारखंड कनेक्शन। टीम में झारखंड के पांच खिलाड़ी शामिल थे और फाइनल में पांचों ने शानदार प्रदर्शन किया।

कप्तान ईशान किशन इस जीत के सबसे बड़े सितारे रहे। पहली पारी में उन्होंने 270 रन की जबरदस्त पारी खेली और दूसरी पारी में भी 80 रन बनाए। यानी फाइनल में ईशान के बल्ले से कुल 350 रन निकले।

वहीं कुमार कुशाग्र ने पहली पारी में शतक जमाया। उन्होंने 101 रन बनाए और दूसरी पारी में 46 रन जोड़कर फाइनल में कुल 147 रन बनाए।

दलीप ट्रॉफी में डेब्यू कर रहे शिखर मोहन ने भी शानदार शुरुआत की। पहली पारी में 85 और दूसरी पारी में 52 रन बनाने के अलावा उन्होंने गेंद से भी दो विकेट हासिल किए।

कुनैन कुरैशी का सबसे बड़ा योगदान दूसरी पारी में आया। पहली पारी में 40 रन और दो विकेट लेने के बाद उन्होंने दूसरी पारी में नाबाद 116 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी ने ईस्ट जोन की बढ़त को और मजबूत कर दिया।

अनुकूल रॉय ने भी दोनों पारियों में उपयोगी रन बनाए। पहली पारी में 45 और दूसरी पारी में 64 रन बनाकर उन्होंने टीम के स्कोर में अहम योगदान दिया।

यानी फाइनल में झारखंड के पांच खिलाड़ी और पांचों का असर—किसी ने शतक लगाया, किसी ने बड़ी पारी खेली तो किसी ने गेंद से भी कमाल दिखाया। ईस्ट जोन की 13 साल बाद मिली इस ट्रॉफी में झारखंड के इन खिलाड़ियों की भूमिका इसलिए खास बन जाती है।