
RANCHI: 17 सितंबर को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 76 वाँ जन्मदिवस है तथा 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और समर्पण के 25 साल पूरे करने वाले हैं। इस मौके को खास बनाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने पूरे माह 17 सितंबर से लेकर 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान के रूप में पूरे देश की भांति झारखंड में भी इनके जन्मोत्सव को एक उत्सव के रुप में मनाने का निर्णय लिया गया है। झारखंड़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा करते हुए इस दौरान एक माह तक चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बीजेपी सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। इस विशेष अवसर पर 17 सितम्बर को राज्य के हर घर के दरवाजे और मंदिरों में प्रधानमंत्री के लिए आशीर्वाद के दीप जलेंगे। प्रत्येक सांगठनिक मंडल का एक गांव पूर्णरूपेण सजाया जायेगा और सभी गांव के हर घर दीप से प्रज्ज्वलित होंगे। उन्होंने कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 17 सितंबर को जन्मदिवस के दिन आशीर्वाद का दीया प्रजवल्लित किए जाएंगे, उनके लंबी आयु तथा उत्तम स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना किया जाएगा। 17 सितंबर के दिन ही भारतीय जनता युवा मोर्चा के द्वारा कैंप लगाकर रक्तदान किया जाएगा। आगे उन्होंने अलग अलग तिथियों में होने वाले कार्यक्रमों चित्र सेवा, सेवा स्मरण, आंगन मिलन सेवा, कहानी बदलाव की, सेवा ज्योति यात्रा, बड़नगर से वाराणसी सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, जनसेवक महाकुंभ पंचायत से पार्लियामेंट, सेवा के रंग राष्ट के संग, हैकाथन और इनोवेशन चैलेंज, 25 साल 25 कहानियां आदि की विस्तृत जानकारी दी। कहा कि सेवा के रंग के तहत विभिन्न स्थानों पर रंगोलियां बनाई जाएंगी और 25 साल 25 कहानियां कार्यक्रम के तहत कार्यकर्ताओं द्वारा पीएम मोदी के सामाजिक जीवन के 25 साल पर 25 कहानियां लिखकर उनके सेवा कार्यों पर प्रकाश डाला जाएगा। भाजपा के इन सभी सेवा अभियानों का अंतिम लक्ष्य प्रधानमंत्री के विजन के अनुरूप वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को धरातल पर उतारना है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से 2047 तक विकसित भारत का संकल्प पुनः दोहराया जाएगा।आज की प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह एवं मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह भी उपस्थित रहे।