
डुमरी विधायक जयराम महतो को बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 146/26 में बड़ी राहत मिली है। धनबाद की MP-MLA विशेष अदालत ने इस मामले में जयराम महतो को अग्रिम जमानत दे दी है। उनके साथ सुशील मंडल, महेंद्र साव और राजकुमार मंडल को भी अदालत से अग्रिम जमानत मिल गई है।
यह मामला 21 अगस्त को बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में हुई घटना से जुड़ा है। इस मामले में थाना प्रभारी रवि कुमार के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और धमकी देने के आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा सरकारी काम में बाधा डालने और हाजत में रखे गए गणेश दास को छुड़ाने की कोशिश करने का भी आरोप मामले में शामिल था।
घटना के बाद मामला राजनीतिक और पुलिस महकमे में भी चर्चा का विषय बना था। झारखंड पुलिस एसोसिएशन ने जयराम महतो के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की थी। एसोसिएशन ने मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग के साथ गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी थी।
अब धनबाद की MP-MLA विशेष अदालत से अग्रिम जमानत मिलने के बाद जयराम महतो समेत चार आरोपियों को इस मामले में फिलहाल बड़ी राहत मिली है। अदालत के इस फैसले के बाद बरवाअड्डा थाना प्रकरण एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है।