सूर्य सिंह बेसरा का बढ़ा कद, चंद्रपुर महासम्मेलन में सर्वसम्मति से ‘आदिवासी धर्मगुरु’ घोषितBy Mid Time Bureau Mon, 14 September 2026 06:44 PM

महाराष्ट्र के चंद्रपुर के चिमूर में आयोजित आदिवासी राष्ट्रीय महासम्मेलन में झारखंड के पूर्व विधायक और ‘दरबार’ के संस्थापक सूर्यसिंह बेसरा को सर्वसम्मति से ‘आदिवासी धर्मगुरु’ घोषित किया गया। विश्वनाथ वाकड़े की अध्यक्षता में हुए इस महासम्मेलन में सूर्यसिंह बेसरा मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। वहीं प्रेम शाही मुंडा और भुवन सिंह कोर्राम विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

महासम्मेलन में महाराष्ट्र के अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड समेत कई राज्यों से 1,000 से ज्यादा प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। सम्मेलन में आदिवासी समाज के अधिकार, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों को लेकर मंथन किया गया।

इस दौरान देशभर में आदिवासी समाज को एक मंच पर लाने और राष्ट्रीय स्तर पर पुनर्जागरण अभियान को आगे बढ़ाने के लिए पांच संगठनों को जिम्मेदारी सौंपी गई। इनमें ‘दरबार’, को-ऑर्डिनेशन कमेटी ऑफ आदिवासी पॉलिटिकल पार्टीज, नेशनल ट्राइबल यूथ एंड स्टूडेंट्स फेडरेशन, नेशनल ट्राइबल एडवाइजरी काउंसिल और नेशनल ट्राइबल विमेंस ऑर्गनाइजेशन शामिल हैं।

इन संगठनों के जरिए आदिवासी समाज की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने, सामाजिक और राजनीतिक अधिकारों की आवाज उठाने और अलग-अलग राज्यों के संगठनों को एक मंच पर लाने की योजना है।

महासम्मेलन में दिसंबर में दिल्ली में राष्ट्रीय आदिवासी अधिवेशन आयोजित करने का भी फैसला लिया गया। इस अधिवेशन के लिए देश के 28 राज्यों और आठ केंद्र शासित प्रदेशों से संयोजित मंडली का मनोनयन किया जाएगा। दिल्ली में होने वाले इस अधिवेशन में आदिवासी समाज की प्रमुख मांगों और प्रस्तावित सांगठनिक ढांचे पर विस्तार से चर्चा होगी और इन्हें केंद्र सरकार के सामने रखने की तैयारी की जाएगी।