
रांची के HEC बाईपास रोड पर उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन की टीम जेसीबी लेकर पहुंची। कार्रवाई की खबर मिलते ही सड़क किनारे रहने वाले लोग एकजुट हो गए और मौके पर ही विरोध शुरू कर दिया। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ सड़क पर आ गई, जिसके बाद रास्ता जाम हो गया। इस विरोध का सीधा असर शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा। बिरसा चौक की ओर से घोड़ा चौक तक वाहनों की लंबी कतार देखने को मिली। बिरसा चौक से हरमू जाने वाले रास्ते पर भी आवाजाही प्रभावित हुई। डीपीएस स्कूल के पास पेट्रोल पंप के आसपास वाहनों की रफ्तार थम गई।
दरअसल, प्रशासन की टीम HEC बाईपास पर बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक के बीच सड़क किनारे बने घरों को हटाने के लिए पहुंची थी। मौके पर जेसीबी समेत दूसरे संसाधन भी पहुंचाए गए थे। लेकिन टीम के पहुंचते ही स्थानीय लोगों ने कार्रवाई रोकने की मांग शुरू कर दी। विरोध कर रहे लोगों का कहना है कि वे कई वर्षों से इसी जगह पर रह रहे हैं। उनका सवाल है कि अगर उन्हें यहां से हटाया जाता है तो उनके रहने की व्यवस्था कौन करेगा। लोगों ने सरकार से पहले पुनर्वास की व्यवस्था करने और उसके बाद किसी तरह की कार्रवाई करने की मांग की है।
सड़क किनारे करीब 20 से ज्यादा घर बताए जा रहे हैं। इनमें रहने वाले कई परिवार छोटे होटल, राशन दुकान और दूसरे छोटे कारोबार के जरिए अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि घर हटने से सिर्फ छत नहीं जाएगी, बल्कि उनकी कमाई का जरिया भी प्रभावित होगा।स्थिति को देखते हुए मौके पर पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। प्रशासन की टीम भी मौजूद है और फिलहाल लोगों के विरोध के बीच कार्रवाई को लेकर तनाव बना हुआ है। स्थानीय लोग पुनर्वास की मांग पर अड़े हैं, जबकि प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की गई है।
VIDEO: HEC बाईपास पर बुलडोजर पहुंचा, सड़क पर उतरे लोग