नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा का बड़ा दांव, शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत पीए की मां को बनाया उम्मीदवारBy Mid Time Bureau Tue, 15 September 2026 12:12 PM

पश्चिम बंगाल की दो विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने नंदीग्राम से हासीरानी रथ और रेजीनगर सीट से शाखारव सरकार को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है। इनमें नंदीग्राम की उम्मीदवारी सबसे ज्यादा चर्चा में है, क्योंकि हासीरानी रथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के दिवंगत निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की मां हैं।

भाजपा प्रत्याशी हासीरानी रथ मंगलवार को समर्थकों के साथ जुलूस निकालकर नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के भी मौजूद रहने की बात कही गई है। ऐसे में नामांकन के जरिए भाजपा नंदीग्राम में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में है। चंद्रनाथ रथ की मई में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना शुभेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से ठीक पहले हुई थी। चंद्रनाथ रथ लंबे समय से सक्रिय राजनीति से जुड़े रहे थे और इलाके में उनकी राजनीतिक पहचान थी।

हासीरानी रथ भी राजनीति में नई नहीं हैं। वह 1998 से सक्रिय राजनीति में हैं। इस दौरान वह दो बार पंचायत सदस्य और तीन बार पंचायत समिति की सदस्य रह चुकी हैं। अब भाजपा ने उन्हें नंदीग्राम जैसे हाईप्रोफाइल विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतारा है। नंदीग्राम सीट शुभेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। हालिया विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम के साथ भवानीपुर से भी जीत दर्ज की थी। हालांकि, एक व्यक्ति दो विधानसभा क्षेत्रों का एक साथ विधायक नहीं रह सकता, इसलिए उन्होंने नंदीग्राम की सीट छोड़ दी थी।

अब उपचुनाव में भाजपा के इस फैसले ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। नंदीग्राम में पहले ही तृणमूल कांग्रेस के अलग-अलग गुटों के अलावा वाममोर्चा और कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतार चुके हैं। ऐसे में हासीरानी रथ की उम्मीदवारी के बाद यहां राजनीतिक मुकाबला और तेज होने के आसार हैं। दोनों सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि उम्मीदवारों के नामांकन की आखिरी तारीख 16 सितंबर तय की गई है।