
रांची: हटिया रेलवे स्टेशन दुर्गा पूजा समिति की वार्षिक बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से नंदन यादव को पुनः अध्यक्ष और इंद्रजीत सिंह को सचिव चुना गया।
बैठक में आगामी दुर्गा पूजा को भव्य एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने पर चर्चा हुई। इस वर्ष पंडाल की थीम को आकर्षक, भव्य और सांस्कृतिक स्वरूप देने पर विशेष जोर दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने का निर्णय लिया गया।
समिति के सदस्यों ने हाल में आयोजित जन्माष्टमी पूजा एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सफलता पर भी चर्चा की। साथ ही सामाजिक सेवा और जनहित के कार्यों को और मजबूत करने पर सहमति बनी।
अध्यक्ष नंदन यादव और सचिव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि इस वर्ष दुर्गा पूजा आयोजन के साथ सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक गौरव को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा। समिति के सदस्यों ने विश्वास जताया कि इस वर्ष हटिया रेलवे स्टेशन का दुर्गा पूजा पंडाल रांची के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।