जमीन पर कब्जे का आरोप, नहीं हुई सुनवाई तो DC ऑफिस के बाहर आधे बाल-मूंछ मुंडवाकर बैठा युवक By Mid Time Bureau Wed, 16 September 2026 12:50 PM

गिरिडीह में जमीन विवाद को लेकर एक शख्स ने प्रशासन के सामने अनोखे अंदाज में अपना विरोध दर्ज कराया। गांवा प्रखंड के कुलदीप तुरी अपने परिवार के साथ गिरिडीह डीसी कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं। लेकिन जब बार-बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, तो उन्होंने विरोध का ऐसा तरीका अपनाया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया।

कुलदीप तुरी ने डीसी कार्यालय के सामने अपने आधे सिर के बाल और आधी मूंछ मुंडवा ली। उनका आरोप है कि उनके गांव की जमीन पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर अवैध कब्जा कर लिया है। जमीन को कब्जामुक्त कराने और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने स्थानीय थाना से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों और डीसी कार्यालय तक कई बार शिकायत की।

कुलदीप का कहना है कि लगातार शिकायत करने के बावजूद अब तक मामले का कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी नाराजगी में वह अपने परिवार के साथ खुले आसमान के नीचे धरने पर बैठे हैं। उनका कहना है कि जब व्यवस्था के दरवाजे पर बार-बार दस्तक देने के बाद भी उनकी फरियाद नहीं सुनी गई, तो मजबूर होकर उन्होंने आधे बाल और आधी मूंछ मुंडवाकर विरोध जताया।

कुलदीप तुरी ने जिला प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि अगर आम आदमी अपनी जमीन और अधिकार से जुड़े मामले में बार-बार शिकायत करने के बाद भी न्याय की उम्मीद नहीं कर सकता, तो आखिर वह अपनी फरियाद लेकर कहां जाए।

फिलहाल कुलदीप तुरी अपने परिवार के साथ डीसी कार्यालय के सामने धरने पर बैठे हैं और जमीन विवाद में कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।