सुदिव्य कुमार सोनू के श्राद्धकर्म में पहुंचेगा हुजूम, 30 हजार लोगों को लेकर प्रशासन ने कसी कमरBy Mid Time Bureau Thu, 17 September 2026 11:25 AM

झारखंड के दिवंगत मंत्री और गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू का द्वादशा एवं श्राद्धकर्म कार्यक्रम आज यानी 17 सितंबर को गिरिडीह के उत्सव उपवन में होगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और आयोजन समिति ने सुरक्षा, ट्रैफिक, पार्किंग, पेयजल और बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, विधानसभा अध्यक्ष, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक और अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेताओं के पहुंचने की संभावना है। आम लोगों की भी बड़ी भागीदारी की उम्मीद है। प्रशासन के अनुसार, करीब 30 हजार लोग कार्यक्रम में पहुंच सकते हैं।

कार्यक्रम स्थल पर चार बड़े पंडाल तैयार किए गए हैं। इनमें दो पंडालों में एक साथ 2500 से ज्यादा लोगों के बैठने की व्यवस्था है। श्रद्धांजलि देने के लिए अलग-अलग स्थान बनाए गए हैं। परिसर में कुल तीन प्रवेश मार्ग रखे गए हैं, जिनमें एक वीआईपी प्रवेश द्वार है। वीआईपी के लिए अलग वेटिंग हॉल और लोगों के लिए कई जगह पेयजल स्टॉल की व्यवस्था की गई है।

बुधवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी गिरिडीह पहुंचीं। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ सुदिव्य कुमार सोनू के आवास पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।

भीड़ और वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। पार्किंग के लिए छह स्थान चिह्नित किए गए हैं। डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. विमल कुमार समेत अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।

वहीं, 17 सितंबर को सुबह 9 बजे से रात 11:59 बजे तक गिरिडीह शहरी क्षेत्र में भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश और आवागमन पर रोक रहेगी। प्रशासन ने संभावित भीड़ और ट्रैफिक दबाव को देखते हुए यह व्यवस्था की है।

सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर को निधन हुआ था। इसके बाद गिरिडीह में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। अब उनके द्वादशा एवं श्राद्धकर्म में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि देंगे।